भीषण गर्मी से प्रभावित गिरि हाइड्रो प्रोजेक्ट, उत्पादन घटकर सात मेगावॉट

29 मई: मई महीने में पड़ रही भीषण गर्मी का असर जिला सिरमौर की एकमात्र गिरि जल विद्युत परियोजना पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के बिजली उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 60 मेगावाट क्षमता की गिरि हाइड्रो प्रोजेक्ट का उत्पादन घटकर गुरुवार तक मात्र सात मेगावॉट रह गया है। जलापूर्ति में भारी कमी आने के कारण परियोजना की बिजली उत्पादन क्षमता लगातार प्रभावित हो रही है।

जानकारी के अनुसार गिरि नदी में पानी का प्रवाह घटकर चार से पांच क्यूसेक प्रति सेकंड तक पहुंच गया है। ऐसे में परियोजना की टरबाइनों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा। स्थिति यह है कि बिजली उत्पादन के लिए पानी एकत्रित कर केवल सुबह और शाम के समय ही जनरेशन किया जा रहा है।

प्रदेश में बढ़ती गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि जल विद्युत परियोजनाओं में उत्पादन घटने से स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। बिजली की कमी को पूरा करने के लिए अन्य राज्यों से बिजली आयात की जा रही है।

गिरि हाइड्रो प्रोजेक्ट के आवासीय अभियंता अशोक रूपटा ने बताया कि गर्मी के कारण गिरि नदी की जलापूर्ति प्रभावित हुई है और बरसात के मौसम के बाद ही स्थिति में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि परियोजना फिलहाल बेहद सीमित क्षमता के साथ संचालित हो रही है और वर्तमान में करीब 100 यूनिट बिजली प्रति घंटा ही उत्पन्न की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *