कसौली दुष्कर्म मामला: हाई कोर्ट पहुंची पीड़िता, मोहन लाल बड़ौली केस में सरकार को नोटिस

29 मई : सोलन जिले के चर्चित कसौली दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले की पीड़िता अब हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट पहुंच गई है। कसौली कोर्ट द्वारा केस दोबारा खोलने से इनकार किए जाने के बाद पीड़िता ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। हाई कोर्ट ने मामले की प्रारंभिक सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है और निचली अदालत से केस से जुड़े सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज तलब किए हैं।

मामले में हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक राकी मित्तल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली निवासी महिला ने दिसंबर 2024 में शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया था कि जुलाई 2023 में कसौली के एक होटल में उसे नौकरी और मॉडलिंग का झांसा देकर जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

वहीं मोहन लाल बड़ौली ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है।

पुलिस जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर मामले में कैंसिलेशन रिपोर्ट अदालत में दाखिल की गई थी। कसौली कोर्ट ने शिकायतकर्ता के लगातार पेश न होने के चलते केस बंद कर दिया था। बाद में पीड़िता ने जिला एवं सत्र न्यायालय सोलन में इस फैसले को चुनौती दी, जहां से मामला दोबारा कसौली कोर्ट भेजा गया। हालांकि वहां भी केस दोबारा खोलने की मांग साक्ष्यों के अभाव में खारिज कर दी गई थी।

अब हाई कोर्ट में दायर याचिका के बाद मामले की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *