20 जुलाई: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सुंदरनगर में 21 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे आयोजित होने वाला विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम के कारण स्थगित कर दिया गया है।
संस्थान के प्रधानाचार्य विजय कुमार चौधरी ने बताया कि उपायुक्त मंडी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार भारी बारिश की आशंका के चलते 20 और 21 जुलाई 2026 को सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के चलते टीवीएस मोटर कंपनी, नालागढ़ तथा जग ट्रेडिंग कंपनी, पुंघ (सुंदरनगर) की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट को फिलहाल टाल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कैंपस प्लेसमेंट की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। संस्थान प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अगली सूचना तक प्रतीक्षा करें और किसी भी अपडेट के लिए केवल संस्थान के आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।