भारत दौरे पर ट्रंप की बेटी टिफनी, अक्षरधाम और ताजमहल के बाद जैसलमेर पहुंचीं

30 मई: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप इन दिनों अपने पति माइकल बुलोस के साथ भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण किया। दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर और आगरा के ताजमहल का दौरा करने के बाद अब वह राजस्थान के जैसलमेर पहुंच रही हैं।

टिफनी ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अक्षरधाम मंदिर की यात्रा को यादगार बताते हुए इसकी भव्य वास्तुकला, संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। इस यात्रा में उनके पति माइकल बुलोस और कुछ करीबी मित्र भी शामिल रहे।

अक्षरधाम मंदिर प्रबंधन ने भी उनकी यात्रा की पुष्टि करते हुए कहा कि टिफनी ट्रंप और उनके साथियों का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात रही। मंदिर प्रशासन ने इसे भारतीय संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का एक विशेष अवसर बताया।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस का स्वागत किया तथा उनके भारत दौरे को लेकर शुभकामनाएं दीं।

टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मार्ला मेपल्स की बेटी हैं। उन्होंने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई पूरी की है। उनके पति माइकल बुलोस एक अमेरिकी-लेबनानी व्यवसायी हैं। दोनों ने नवंबर 2022 में विवाह किया था।

भारत का यह दौरा टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस की चर्चित निजी यात्राओं में से एक माना जा रहा है, जिसमें वे देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू हो रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *