भाजपा नहीं करती परिवारवाद की राजनीति, पार्टी टिकट देगी तो जरूर लडूंगा चुनाव : कमल शर्मा

Spread the love

भाजपा कार्यसमिति के सदस्य व समाजसेवी कमल शर्मा  ने किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज, कैलेंडर भी किया लॉन्च

आवाज़ ए हिमाचल

बबलू सूर्यवंशी, शाहपुर। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अंतर्गत पड़ती बसनूर पंचायत में स्थित सत्यम कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कैंपस में मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य और समाजसेवी कमल शर्मा की ओर से के प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज किया और विशेष रूप से एक कैलेंडर भी लॉन्च किया, जिसमें मुख्य रूप से केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य सरकार की उपलब्धियों को दर्शाया गया है।

इस दौरान कमल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से ‘हर घर तिरंगा मुहिम’ के तहत आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत वह शाहपुर की सभी पंचायतों में जाकर लोगों को निशुल्क तिरंगा बांट रहे हैं। उन्होंने शाहपुर में 15 अगस्त तक 5 हजार घरों में तिरंगा बांटने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के हर घर में निशुल्क तिरंगा पहुँचाना है।

प्रेस वार्ता में पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल का जबाब देते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा पार्टी कभी भी परिवारवाद की राजनीति नहीं करती, बल्कि हर कार्यकर्ताओं को एक समान समझती है। हर कर्मठ कार्यकर्ता यहां टिकट मांगने का अधिकार रखता है। टिकट के मुद्दे पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि दावेदारी जताना हर कार्यकर्ता का हक है और टिकट देना या न देना पार्टी हाईकमान का काम है।

शर्मा ने कहा कि वह पिछले 20 सालों से पार्टी द्वारा दी गई हर जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभा रहे हैं और अगर पार्टी ने उन्हें टिकट दी तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। बेरोजगारी और मंहगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछले दो साल देश ने करोना की मार झेली है, इसके बावजूद भी अन्य देशों की तुलना में भारत बेहतर स्थिति में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है और प्रदेश सरकार भी हर क्षेत्र में चहुमुखी विकास करवा रही है।

इस मौके पर प्रेस वार्ता में दरगेला प्रधान भारती चौहान, उपप्रधान डिंपल राणा, बसनूर पंचायत प्रधान उषा धीमान, बागडू पंचायत उप्रधान अनिल चौधरी, ब्लॉक समिति सदस्य गणेश गणु चौधरी, वार्ड सदस्य अजय कुमार बसनूर, बलदेव चौहान दरगेला, अरविंद शर्मा नेरटी, कैप्टन प्रीतम चंद, रिपन चौधरी, अभिनव, परविंदर ठाकुर आदि मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *