भरमौर में ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुई मारुति वैन, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

14 अगस्त: भरमौर क्षेत्र के लहाल ढांक में शुक्रवार सुबह मारुति वैन के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होने से टल गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वैन को खाई की ओर जाने से बचाकर पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे वाहन रुक गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य सवारों को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह तहसील के सेरी गांव निवासी एक परिवार बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी मंदिर परिसर आया था। धार्मिक कार्यक्रम के बाद परिवार के नौ सदस्य, जिनमें बच्चे और बड़े शामिल थे, मारुति वैन में सवार होकर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान लहाल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के समीप अचानक वैन के ब्रेक फेल हो गए। वाहन अनियंत्रित होकर खाई की ओर बढ़ने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने वाहन को खाई की तरफ जाने से रोकने के लिए पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। वैन पहाड़ी से टकराने के बाद रुक गई। यदि वाहन खाई की ओर चला जाता तो सीधे बुद्धिल नदी में गिरने का खतरा था।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। दो लोगों को गंभीर चोटें आने पर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया, जबकि अन्य सवारों को भी चोटें आई हैं।

हादसे में शामिल मारुति वैन का नंबर JK-06A-3241 बताया जा रहा है। चालक की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *