फिना सिंह सिंचाई परियोजना नवंबर 2027 तक होगी पूरी : मुकेश अग्निहोत्री

15 अगस्त: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी फिना सिंह सिंचाई परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 644 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना पर प्रदेश सरकार अब तक लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। केंद्र से वित्तीय सहायता मिलने के बाद राज्य सरकार भी अपने संसाधनों से आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाएगी, ताकि परियोजना का काम निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

ऊना से चंबा जाते समय नूरपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नूरपुर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है और यहां कांग्रेस संगठन की मजबूत भूमिका रही है। सरकार विकास कार्यों के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि फिना सिंह सिंचाई परियोजना पूर्व मंत्री सत महाजन का सपना थी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद परियोजना को पूरा करने के लिए फंडिंग का मामला केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया गया। उन्होंने कहा कि परियोजना में बांध का निर्माण महत्वपूर्ण कार्य है और सरकार इसे तय समयसीमा में पूरा करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार पर 4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ढगवार में अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की शुरुआती क्षमता 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे भविष्य में तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकेगा। इससे कांगड़ा और आसपास के जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बनखंडी में आधुनिक चिड़ियाघर विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। नगरोटा बगवां में पर्यटन विकास के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर के फाउंटेन सहित कई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार किया जा रहा है। जहां-जहां चार्जिंग स्टेशन तैयार होंगे, वहां इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। नूरपुर में भी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मांग पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब जनता के मुद्दों का जवाब नहीं है। उन्होंने नीट पेपर लीक, किसान आंदोलन और छात्रों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि देश का युवा और किसान वर्ग केंद्र सरकार से सवाल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का फैसला कांग्रेस सरकार ने लिया है। कांग्रेस उत्तराखंड में भी सत्ता में आने पर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नूरपुर के अध्यक्ष सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *