10 जून : बीबीएन क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना एक बार फिर देरी का शिकार हो गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की टेंडर प्रक्रिया 22वीं बार आगे बढ़ा दी गई है। अब टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 16 जून निर्धारित की गई है, जबकि टेंडर 18 जून 2026 को खोले जाएंगे।
लगातार बढ़ती डेडलाइन और टलती प्रक्रिया से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ उद्योग जगत की चिंता भी बढ़ती जा रही है। मानसून के आगमन से पहले निर्माण कार्य शुरू न होने पर लोगों को आशंका है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अधूरी सड़कों और जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
करीब 600 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य पिछले लगभग एक वर्ष से ठप पड़ा है। जून 2025 में गुजरात की पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने लगभग 45 प्रतिशत काम पूरा करने के बाद परियोजना छोड़ दी थी। इसके बाद नई निर्माण एजेंसी के चयन के लिए शुरू की गई टेंडर प्रक्रिया लगातार टलती रही, जिससे परियोजना अधर में लटकी हुई है।
फोरलेन परियोजना में लगातार हो रही देरी पर बीबीएन के उद्यमियों ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हजारों करोड़ रुपये के निवेश के बावजूद उद्योगों को खराब सड़क व्यवस्था और धीमी परिवहन व्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उद्यमियों का मानना है कि यदि समय पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गईं तो इसका असर नए निवेश और क्षेत्र के औद्योगिक विकास पर पड़ सकता है।