बीटन दंगल की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देंगे मुकेश अग्निहोत्री, आयोजन के लिए 11 लाख और खेल मैदान के विकास को 30 लाख रुपये देने की घोषणा

13 नवम्बर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार देर शाम हरोली विधानसभा क्षेत्र के जखेवाल (बीटन) में आयोजित पावन दंगल में शिरकत की। इस दौरान दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया। उन्होंने पहलवानों के मुकाबले देखे और संत बाबा अनूप महाराज से आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संत बाबा ढांगू वाले महाराज के इस पावन दंगल से उनका 24 वर्षों पुराना जुड़ाव है। उन्होंने लगातार 24 वर्षों तक दंगल में आमंत्रित किए जाने पर आभार जताते हुए कहा कि यहां की धरती और बाबा जी से उन्हें जो स्नेह मिला है, उसे वह कभी नहीं भुला सकते। उन्होंने कहा कि हलके की जनता ने उन्हें 25 वर्षों तक विधायक के रूप में सेवा करने का अवसर दिया, जिसके लिए वह आभारी हैं।

उन्होंने दंगल को उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ और हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा दंगल बताते हुए कहा कि इसकी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने खेल मैदान के विकास के लिए 30 लाख रुपये का चेक सौंपा और दंगल आयोजन के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा पंचायत घर के निर्माण के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की गलियों और सड़कों के निर्माण के लिए मांगी गई 25 लाख रुपये की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है।

उप मुख्यमंत्री ने संत बाबा ढांगू वाले महाराज को श्रद्धांजलि देते हुए मानव कल्याण और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराज ने अस्पताल और गौशाला चलाकर लोगों की सेवा की तथा शिक्षा के महत्व को समझते हुए बीटन में कॉलेज स्थापित किया। कॉलेज में नए पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि संत बाबा अनूप महाराज और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर पाठ्यक्रम तय किए जाएंगे। अगले अप्रैल से इन्हें शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में वर्तमान में तीन कॉलेज, 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एक केंद्रीय विद्यालय, ट्रिपल आईटी, लॉ कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थान संचालित हैं। बीटन कॉलेज को भी व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रधान सेवानाथ की ओर से रखी गई मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए आयोजन में मिले स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *