बिलासपुर में बाइक की टक्कर से 67 वर्षीय महिला की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

13 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 67 वर्षीय महिला की जान चली गई। कोठी के पास सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

मृतका की पहचान सीता देवी निवासी बेहना, जडू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को सीता देवी कोठी के पास फोरलेन सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए एम्स पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से महिला के घायल होने की घटना कैद हुई है। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में हादसे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

घटना के बाद पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *