नादौन स्कूल में बाल दिवस पर छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, प्रधानाचार्य ने भी किया लोकनृत्य

13 नवम्बर,नरेश मलोटिया : पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में बाल दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में लोकगीत, समूहगान, नृत्य और नाटकों के माध्यम से बाल दिवस का महत्व दर्शाया गया।

विद्यालय के संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यापिकाओं अनु बाला और रजनी बाला ने विशेष योगदान दिया। उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुतियों का संयोजन करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब छात्राओं के आग्रह पर विद्यालय के प्रधानाचार्य स्वरूप चंद चौधरी ने भी उनके साथ लोकगीतों पर नृत्य किया। प्रधानाचार्य सहित विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी छात्राओं के साथ नृत्य में भाग लिया, जिससे समारोह और यादगार बन गया।

प्रधानाचार्य स्वरूप चंद चौधरी ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। बाल दिवस मनाने का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, खुशियों और सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने भी छात्राओं को बाल दिवस की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *