12 मई: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला में विभिन्न पदों के लिए कुल 4727 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायतों के पदों के प्रत्याशी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार जिला परिषद के 14 वार्डों के लिए 88 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के लिए 435 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं। इनमें बिलासपुर सदर से 112, घुमारवीं से 163, झंडूता से 105 और श्री नैना देवी जी पंचायत समिति से 55 उम्मीदवार शामिल हैं।
वहीं, जिला की 182 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 4204 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें प्रधान पद के लिए 871, उपप्रधान के लिए 963 और वार्ड सदस्य पद के लिए 2370 उम्मीदवार शामिल हैं।
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन जिला परिषद के लिए 48 और पंचायत समिति के लिए 194 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए 1744 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए।
सदर विकास खंड में प्रधान पद के लिए 110, उपप्रधान के लिए 164 और वार्ड सदस्य के लिए 333 नामांकन हुए। घुमारवीं विकास खंड में प्रधान के लिए 96, उपप्रधान के लिए 140 और वार्ड सदस्य के लिए 282 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। झंडूता विकास खंड में प्रधान पद के लिए 90, उपप्रधान के लिए 81 और वार्ड सदस्य के लिए 204 नामांकन हुए हैं। वहीं श्री नैना देवी जी विकास खंड में प्रधान के लिए 49, उपप्रधान के लिए 66 और वार्ड सदस्य पद के लिए 129 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब आगे की चुनावी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।
नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से संबंधित कार्यालयों में की जाएगी। वहीं, 14 और 15 मई को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 और 30 मई को संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। ग्राम पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायतों में ही होगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति के मतों की गिनती 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी।