बार-बार बिजली कटौती से परेशान कालाअंब के उद्योगपति, विद्युत बोर्ड से लगाई गुहार

26 मई: औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लघु उद्योग भारती सिरमौर इकाई ने गहरी नाराजगी जताई है। संस्था के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने इस संबंध में अधीक्षण अभियंता विद्युत बोर्ड नाहन को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि कालाअंब और आसपास के औद्योगिक व व्यापारिक क्षेत्रों में लंबे समय से बार-बार बिजली बाधित हो रही है। इससे उद्योगों का उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है और मशीनों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। लगातार बिजली कटौती के कारण व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है, जिससे कारोबारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लघु उद्योग भारती ने बताया कि अचानक बिजली बंद होने और बार-बार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की वजह से मशीनरी और विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। इससे उद्योगों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

संस्था के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग इस गंभीर समस्या पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

इस दौरान लघु उद्योग भारती के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *