पंचायत चुनाव का पहला चरण आज, 118 प्रधान और उपप्रधान चुने जाएंगे

26 मई : ग्रामीण संसद के पहले चरण के तहत मंगलवार को जिले की 118 पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। इस चरण में हजारों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। मतदान के जरिए 118 पंचायत प्रधान, 118 उपप्रधान और 676 वार्ड सदस्य चुने जाएंगे। मतदान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगा।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए नियुक्त पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। मतदान समाप्त होने के बाद देर शाम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं बीडीसी और जिला परिषद चुनावों की मतगणना तीनों चरणों की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 31 मई को संबंधित विकास खंड मुख्यालयों में होगी।

पहले चरण में विकासखंड भरमौर की 16, मैहला की 17, चंबा की 16, भटियात की 24, सलूणी की 16, तीसा की 19 और पांगी विकासखंड की 10 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। चुनावों को लेकर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार चंबा, मैहला, तीसा, सलूणी और भटियात विकासखंडों में पंचायत चुनाव तीन चरणों में करवाए जाएंगे, जबकि भरमौर और पांगी विकासखंडों में चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करवाने के लिए सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *