14 अगस्त , कविता शान्ति गौतम: बागबानिया स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद फरार हुए कंटेनर चालक को बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में निर्मल सिंह निवासी गांव खरियाना, बद्दी, सोलन ने बताया कि वह बीते कल सुबह अपनी गाड़ी से घर से खेड़ा (नालागढ़) की ओर जा रहा था। करीब 6:50 बजे जब वह बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो उसके आगे एक बंद बॉडी कंटेनर वाहन मानपुरा की ओर से नालागढ़ जा रहा था।
शिकायत के अनुसार कंटेनर चालक ने गलत दिशा में जाकर ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान नालागढ़ की ओर से अपनी सही दिशा में आ रहे स्कूटी सवार को कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन समेत नालागढ़ की ओर फरार हो गया।
हादसे में क्षतिग्रस्त स्कूटी का पंजीकरण नंबर HP-20F-8394 पाया गया। राहगीरों की मदद से घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी नालागढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान रोशन दीन पुत्र युसफ, निवासी चंबा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना मानपुरा में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे में संलिप्त ट्रक की पहचान कर उसे कब्जे में लिया। पुलिस ने ट्रक नंबर HP-12Q-6731 के चालक राजेश कुमार निवासी गांव समुला सदवां, नूरपुर, कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मामले में आगामी जांच जारी है।