नादौन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 25 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे

13 अगस्त , बबलू गोस्वामी : उपमंडल  नादौन के कस्बा बड़ा, लाहड़ और रैल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने दुकानदारों के फूड लाइसेंस भी जांचे।

निरीक्षण के दौरान फल-सब्जियों और खाद्य सामग्री की दुकानों से भिंडी, अरबी, लौकी, टमाटर, शिमला मिर्च, कद्दू और नींबू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 सैंपल लिए गए। इसके अलावा एमडीएच और आदित्य ब्रांड के हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, सौंफ, चीनी समेत अन्य खाद्य सामग्री के भी सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा विभाग से लाइसेंस बनवाने और उसका समय पर नवीनीकरण करवाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यापारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है और उन्हें एक लाख रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।

उन्होंने दुकानदारों को मिठाइयां बनाने में प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग न करने, ग्राहकों को खाद्य सामग्री देते समय दस्ताने पहनने और अखबार के कागज में खाद्य सामग्री न देने के निर्देश भी दिए। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *