बहन की विदाई के कुछ घंटों बाद भाई की दर्दनाक मौत, शादी वाला घर मातम में बदला

30 जून : कांगड़ा जिले के जसवां परागपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहन की शादी के कुछ ही घंटों बाद सड़क दुर्घटना में युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार गांव बढ़ाल निवासी घनश्याम की बेटी की शादी सोमवार रात तलवाड़ा स्थित एक मैरिज हॉल में संपन्न हुई थी। शादी समारोह के बाद मंगलवार सुबह परिवार ने बेटी को भावुक माहौल में विदा किया।

इसी बीच परिवार का 30 वर्षीय बेटा दिनेश शर्मा रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए तलवाड़ा गया हुआ था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे जब वह अपनी गाड़ी से वापस घर लौट रहा था, तभी गांव बढ़ाल के जंगल के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सड़क के बीचोंबीच पलट गया।

सुबह राहगीरों ने सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और गंभीर रूप से घायल युवक को देखा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *