4 अगस्त: बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी से खुद को ड्रग कंट्रोलर बताकर लाखों रुपये की ठगी और लगातार रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस थाना बरोटीवाला में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले ठोस साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल (22) पुत्र जय किशन, निवासी गांव खोखरा, डाकघर नानकपुर, तहसील कालका, जिला पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फोन के माध्यम से खुद को ड्रग कंट्रोलर बताकर कंपनी से अवैध धनराशि की मांग करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल वाहन, 50 हजार रुपये नकद और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को 4 अगस्त को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर ठगी और रंगदारी के इस मामले से जुड़े अन्य लोगों तथा घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले की जांच जारी है।
यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक अशोक वर्मा ने दी।