4 अगस्त: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में यमुना नदी के तेज बहाव के कारण दशकों पुराना बाता पुल सोमवार शाम भरभराकर ढह गया। पुल के मध्य हिस्से के अचानक नदी में समा जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर पुल के एक पिलर में क्षति के संकेत मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पुराने बाता पुल पर सभी प्रकार की आवाजाही बंद कर दी थी। प्रशासन की इस सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। आवाजाही बंद होने के कुछ ही समय बाद तेज बहाव के दबाव के चलते पुल का बीच वाला हिस्सा टूटकर यमुना नदी में जा गिरा।
दशकों से यह पुल पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों की पहचान रहा है। हालांकि इसके समानांतर बना नया बाता पुल पहले से ही यातायात के लिए चालू है, जिससे हिमाचल और उत्तराखंड के बीच वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।
पुल ढहने की सूचना मिलते ही प्रशासन और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लेकर निगरानी शुरू कर दी। प्रशासन ने लोगों से पुराने पुल के आसपास नहीं जाने की अपील की है।