2 जुलाई: देहरा के प्रागपुर क्षेत्र के मसोट गांव में गुरुवार सुबह प्लंबिंग का काम करते समय करंट लगने से 45 वर्षीय प्लंबर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कुंवरजीत सिंह उर्फ सोनू पुत्र बलवंत सिंह निवासी गांव टियालू, अपर प्रागपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कुंवरजीत सिंह पेशे से प्लंबर थे और लंबे समय से इसी काम के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह मसोट गांव स्थित एक घर में प्लंबिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना देहरा की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
एडिशनल एसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। करंट लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई।
वहीं, ग्राम प्रधान रमेश पटियाल ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।