14 सितंबर: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना बद्दी में दर्ज एक मामले में आरोपी राहुल गुप्ता और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित करीब 1 करोड़ 97 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। इसमें बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी में छह बिस्वा भूमि पर बना तीन मंजिला मकान, स्कॉर्पियो वाहन और विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि शामिल है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में थाना बद्दी में दर्ज मामले में राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह, मूल निवासी जिला सारण, बिहार और वर्तमान निवासी बद्दी, के कब्जे से 10 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस संबंध में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार से जुड़ी संपत्तियों की वित्तीय जांच भी शुरू की।
वित्तीय जांच में बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर 7 में छह बिस्वा भूमि और उस पर बने तीन मंजिला भवन का पता चला। पुलिस के अनुसार भूमि और भवन की कुल कीमत 1 करोड़ 71 लाख 64 हजार 271 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 24 लाख 69 हजार 725 रुपये कीमत की स्कॉर्पियो-एन और विभिन्न बैंक खातों में जमा 1 लाख 42 हजार 251 रुपये को भी कार्रवाई के दायरे में लाया गया है। इस तरह कुल करीब 1 करोड़ 97 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके परिजनों के नाम अर्जित इन संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की पुष्टि सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली द्वारा की गई है। संपत्ति फ्रीज होने के बाद अब सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना इसकी खरीद-बिक्री, हस्तांतरण या किसी अन्य प्रकार का लेनदेन नहीं किया जा सकेगा।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल गुप्ता की माता के खिलाफ भी पहले नशे के कारोबार से जुड़ा मामला दर्ज हो चुका है। वर्ष 2022 में थाना बद्दी पुलिस टीम ने उसके कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की थी।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल मादक पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनकी वित्तीय जांच की जा रही है और कानून के अनुसार ऐसी संपत्तियों को फ्रीज अथवा जब्त करने की कार्रवाई जारी है।