नालागढ़ के महुआ स्थित जालपा माता मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण और कैमरा-डीवीआर ले गए चोर

14 सितम्बर: नालागढ़ के तहत महुआ स्थित जालपा माता मंदिर के स्टोर रूम में चोरी का मामला सामने आया है। चोर मंदिर कार्यालय, स्टोर रूम और अलमारी के ताले तोड़कर माता के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोर मंदिर में लगा कैमरा और उसकी डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। मंदिर कमेटी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार जालपा माता मंदिर के पास मंदिर का कार्यालय है और कार्यालय के अंदर ही स्टोर रूम बने हुए हैं। स्टोर रूम में एक अलमारी में माता के सोने-चांदी के आभूषण रखे जाते थे। चोरों ने कार्यालय और स्टोर रूम के ताले तोड़ने के बाद अलमारी का ताला भी तोड़ दिया और उसमें रखे करीब 4 तोले सोने-चांदी के छतर, मुकुट सहित करीब 300 ग्राम चांदी के अन्य आभूषण चोरी कर लिए।

रविवार दोपहर बाद लोगों ने मंदिर कार्यालय, स्टोर रूम और अलमारी के ताले टूटे हुए देखे। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे माता के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद मंदिर कमेटी को इसकी सूचना दी गई।

मंदिर कमेटी के प्रधान प्रेम लाल भारद्वाज ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर के दानपात्र को चोरी करने का प्रयास किया गया था। इसी वजह से मंदिर कमेटी द्वारा माता के सोने-चांदी के आभूषण स्टोर रूम की अलमारी में सुरक्षित रखे जाते थे और इनका इस्तेमाल केवल नवरात्रों के दौरान किया जाता था। उन्होंने बताया कि चोरी की शिकायत पुलिस थाना नालागढ़ में दर्ज करवा दी गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *