बढलठोर बाजार में दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

18 जून: डाडासीबा क्षेत्र के बढलठोर बाजार में एक करियाना एवं कन्फैक्शनरी की दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार बढलठोर निवासी लक्की राणा की दुकान में देर रात अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण दुकान में रखा करियाना सामान, कन्फैक्शनरी आइटम, आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक फ्रिज सहित अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। दुकान में रखा बिजली का मीटर और जरूरी दस्तावेज भी आग की चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दुकानदार के अनुसार इस घटना में करीब 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकान में रखी नकदी भी आग में जल गई।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सूचना मिलने के बाद देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं बिजली विभाग की टीम को भी तकनीकी जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *