पेंशनधारकों के लिए जरूरी सूचना, एक माह के भीतर करवाएं ई-केवाईसी सत्यापन

25 जुलाई: जिला कल्याण अधिकारी हमीरपुर चमन लाल शर्मा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों से जल्द से जल्द आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ई-केवाईसी सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का राजस्व एवं ई-केवाईसी सत्यापन कार्य जुलाई 2025 से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से शुरू किया गया था। विभाग के लगातार प्रयासों से अब तक 51,825 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया जा चुका है।

जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि अभी भी कुछ पेंशन लाभार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं कराया है, जिसके कारण उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे लाभार्थियों को एक माह के भीतर संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर ई-केवाईसी करवाने का अंतिम अवसर दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने पर यह माना जाएगा कि संबंधित व्यक्ति पेंशन प्राप्त करने का इच्छुक नहीं है अथवा योजना के लिए पात्र नहीं है। इसलिए सभी लाभार्थी समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें।

चमन लाल शर्मा ने बताया कि जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है या आधार में किसी प्रकार का संशोधन अथवा अपडेट कराना है, वे जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *