25 जुलाई: राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने सभी किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और प्राकृतिक खेती को अपनाने का आग्रह किया।
शुक्रवार को नेरी में कृषि विभाग द्वारा आयोजित किसान जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए अलग और बेहतर समर्थन मूल्य तय किया है। इसके अलावा दूध के खरीद मूल्य में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने बताया कि किसानों और बागवानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए कृषि विपणन बोर्ड कोल्ड स्टोरेज की श्रृंखला विकसित करने पर विशेष ध्यान दे रहा है। सरकार कोल्ड स्टोर स्थापित करने के लिए आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है, जिससे किसान अपनी उपज को सुरक्षित रखकर बाजार में उचित समय पर बेहतर दाम मिलने पर बेच सकें। उन्होंने किसानों और उद्यमियों से कोल्ड स्टोर स्थापित करने के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने कृषि विपणन बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की। इससे पहले कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डी.डी. शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभाग की योजनाओं और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। अन्य अधिकारियों ने भी किसानों को कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।