पूनम और जसप्रीत की जीत से चमका भारत, रिज मैदान में रोमांचक रहे मुकाबले

24 अप्रैल: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर राजधानी शिमला के रिज मैदान में मंगलवार को आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग के मुकाबले में भारत की पूनम ने श्रीलंका की लोगानाथन काजिन्थिनी को हराकर जीत दर्ज की, जबकि जसप्रीत ने शुभम के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बाजी मारी।

प्रो-बॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस चैम्पियनशिप के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह प्रदेश की राजनीति के दिग्गज नेता थे और उनकी स्मृति में शुरू की गई यह चैम्पियनशिप खेलों के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मुक्केबाजों को करीब से देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।

चैम्पियनशिप में भारत के मुक्केबाजों ने श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित कई देशों के खिलाड़ियों के साथ रोमांचक मुकाबले खेले और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *