24 अप्रैल: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष डिटैक्शन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर टैम्पो से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि दो युवक एक छोटे टैम्पो में नशीले कैप्सूल की खेप लेकर ट्रक यूनियन के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कंडक्टर सीट के पास रखी पीले रंग की प्लास्टिक थैली से कैप्सूल की स्ट्रिप्स और गत्ते के डिब्बे बरामद हुए। गिनती करने पर कुल 1104 प्रतिबंधित कैप्सूल पाए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान रविकांत उर्फ बंटी निवासी गांव टोका नगला, तहसील पांवटा साहिब और विकास निवासी मरवह, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किन क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी।