नगर परिषद नालागढ़ चुनाव कार्यक्रम घोषित, 17 मई को होगा मतदान

23 अप्रैल, कविता शांति गौतम: राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के तहत नगर परिषद नालागढ़ के 9 वार्डों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ ने इसकी आधिकारिक जानकारी जारी की है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्ड नंबर 1 से 9 तक के लिए नामांकन पत्र 29 अप्रैल, 30 अप्रैल और 2 मई को तहसील कार्यालय नालागढ़ में जमा किए जा सकेंगे। उम्मीदवार या उनके प्रस्तावक सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसी दौरान नामांकन पत्र फार्म भी उपलब्ध रहेंगे।

नामांकन पत्रों की छंटनी 4 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 6 मई को शाम 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उसी दिन चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी और चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।

यदि चुनाव होता है, तो मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *