पांवटा साहिब में खौफनाक घटना, घर के अंदर खड़ी गाड़ी जलाई

4 मई: पांवटा साहिब के वार्ड-8 में एसडीएम ऑफिस के समीप देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। करीब डेढ़ बजे पांच नकाबपोश बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और एक घर के भीतर घुसकर गेट के अंदर खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने रणजीत सिंह के घर में खड़ी पजेरो स्पोर्ट्स कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर में वाहन आग की लपटों में घिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन को भारी नुकसान हो चुका था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *