पांवटा साहिब के यमुना घाट पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

20 जुलाई: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित यमुना घाट पर रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर गोताखोरों और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह यमुना नदी में पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर बढ़ गया था, जिसके चलते घाट पर तैनात गोताखोर सतर्क थे। इसी दौरान उन्हें नदी में एक शव बहता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही गोताखोर सुरक्षा उपकरणों की मदद से नदी में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल लिया।

इसके बाद पांवटा साहिब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक आशंका है कि शव उत्तराखंड क्षेत्र से यमुना नदी के रास्ते बहकर पांवटा साहिब पहुंचा हो सकता है। शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *