14 सितम्बर नरेश मलोटिया : पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नादौन में आयोजित अंडर-14 छात्राओं की खंड स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में करीब 30 विद्यालयों की 238 छात्राओं ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और चैस में भाग लिया।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि कबड्डी के फाइनल मुकाबले में चोड़ू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गलोड़ को हराकर खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब उत्साहित किया। बैडमिंटन के फाइनल में बड़ेहड़ा ने जलाड़ी को पराजित कर विजेता का खिताब जीता। वॉलीबॉल में बीपीएस जलाड़ी ने जोलसप्पड़ को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि खो-खो में बल्डूहक ने रंगस को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
चैस प्रतियोगिता में जोलसप्पड़ की सेजल, दंगड़ी की अंशिका ठाकुर एवं सेजल शर्मा, बीपीएस जलाड़ी की आरोही तथा जीवाणी की अदिति रानी का चयन हुआ।
प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी संजीव कुमार कौशल की अध्यक्षता में किया गया, जबकि शारीरिक शिक्षिका डॉ. सविता ने सहयोग दिया। समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार धीमान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विजेता खिलाड़ियों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ें तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य परमजीत सिंह, राजेश कुमार कौंडल, राजेश कुमार चौधरी, शारीरिक शिक्षिका सविता, प्रतियोगिता समन्वयक नरेश कुमार, सह-समन्वयक पंकज कोंडल एवं अजय शर्मा, अमित शर्मा, स्वरूप चंद सहित अन्य शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिला उपनिदेशक क्वालिटी एजुकेशन नवीन शर्मा ने भी प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने वॉलीबॉल मुकाबला देखने के साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और छात्राओं से भोजन, पानी तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने भोजन, पानी, अनुशासन, मैदान और अन्य व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागी छात्राओं, शारीरिक शिक्षकों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, निर्णायकों, अधिकारियों, समन्वयकों, सह-समन्वयकों, शारीरिक शिक्षा विभाग, विद्यालय स्टाफ, एसएमसी सदस्यों और स्थानीय सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।