टीआईई चंडीगढ़ कॉन्क्लेव में बोले सीएम सुक्खू, निवेश और स्वच्छ ऊर्जा पर सरकार का फोकस

20 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआईई) चंडीगढ़ द्वारा आयोजित चंडीगढ़ लीडरशिप कॉन्क्लेव एवं 23वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, स्वच्छ ऊर्जा और आईटी अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश निवेश की दृष्टि से देश के सबसे बेहतर राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार निवेशकों को हरसंभव सहयोग और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और नए निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से नई औद्योगिक नीति लाई जा रही है। इसके तहत उद्योगों के लिए बिजली की दरों को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने का प्रावधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बायोचार संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि किन्नौर जिले में जियोथर्मल ऊर्जा परियोजना भी स्थापित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि पंजाब को बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तीन वर्ष का पावर परचेज एग्रीमेंट किया जा रहा है, जिससे दोनों राज्यों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डेटा स्टोरेज अवसंरचना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसके साथ ही सोलन जिले के कंडाघाट में अत्याधुनिक आईटी पार्क विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में आईटी क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *