27 जुलाई: चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान सोमवार को मिनी सचिवालय किलाड़ में सभी विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 15 अप्रैल 2025 को पांगी उपमंडल के लिए की गई विभिन्न घोषणाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने उपमंडल में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं और क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपायुक्त को दी। इसके बाद उपायुक्त ने लोक निर्माण, विद्युत, जल शक्ति, कृषि, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही उन्होंने लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।