पलामू में बड़ा हादसा: बेकाबू कार घर में घुसी, आंगन में सो रहे युवक की मौत

29 मई :  झारखंड के पलामू जिले में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर में जा घुसी। हादसे में आंगन में सो रहे एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार कार से पाटन से मेदिनीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिक्की गांव के पास मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे एक घर के आंगन में जा घुसा।

हादसे के समय आंगन में सो रहे विनोद सिंह कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला, लेकिन विनोद सिंह ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वहीं घायल डॉक्टर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *