29 मई, कविता शांति गौतम: अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 30 और 31 मई को इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित की जा रही है। बैठक में देशभर से संगठन के पदाधिकारी और सदस्य भाग लेंगे।
संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका और हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष सुमित सिंगला ने बताया कि बैठक राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के सानिध्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।
बैठक के दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की आगामी सामाजिक और राष्ट्रीय गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने बताया कि अग्रवाल समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी अहम मंथन होगा। समाज के अधिक से अधिक लोगों को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने हेतु रणनीति बनाई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय समितियों के संयोजकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष सुमित सिंगला ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल, चंडीगढ़ और न्यू चंडीगढ़ में संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापक दौरे किए जाएंगे। साथ ही भविष्य में हिमाचल प्रदेश में भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।