परागपुर में दुकानदार पर अज्ञात लोगों ने किया तेजधार हथियार से जानलेवा हमला, टांडा रेफर

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

16 जनवरी । उपमंडल देहरा के तहत धरोहर गांव परागपुर में शुक्रवार देर शाम अज्ञात लोगों ने 75 वर्षीय वृद्ध की गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। घायल वृद्ध को डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बृज मोहन सूद परागपुर बाजार में दुकान करता है और एलआइसी का एजेंट भी है। शुक्रवार देर सायं सात बजे के करीब वह दुकान से घर जा रहा था कि पीछे से शरारती तत्वों ने उनकी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रेफर किया गया। यहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना का पता चलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर परागपुर पंचायत की प्रधान सुदेश शर्मा, उपप्रधान मदन गोपाल व वार्ड सदस्य सुरिंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी देहरा कुलदीप सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। रात 10 बजे तक पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *