9 मई, कविता शांति गौतम: मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी ने समालखा के पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर क्षेत्र के संघचालक पवन जिंदल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों, कल्याणकारी योजनाओं और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संजय राठी ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकार कई चुनौतियों के बीच कार्य कर रहे हैं। लोकतंत्र को सशक्त बनाए रखने में मीडिया की अहम भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद पत्रकारों को सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आर्थिक स्थिरता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता को सुरक्षित रखने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश में नई मीडिया एक्रेडिटेशन कमेटी के गठन में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि लंबे समय से कमेटी का गठन न होने के कारण कई पत्रकारों को मान्यता से जुड़ी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने सरकार से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से जल्द कमेटी गठित करने की मांग की।
संजय राठी ने पत्रकारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा लागू करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकार दिन-रात समाज और राष्ट्रहित में कार्य करते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में घोषित कई योजनाएं अभी तक जमीनी स्तर पर लागू नहीं हो पाई हैं।
उन्होंने पत्रकार पेंशन नियमों को सरल बनाने और महंगाई के अनुरूप पेंशन राशि बढ़ाने की मांग भी उठाई। राठी ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों ने अपना जीवन समाज और लोकतंत्र की सेवा में लगाया है, इसलिए उनके सम्मानजनक जीवनयापन की जिम्मेदारी सरकार को निभानी चाहिए।
बैठक के दौरान उन्होंने पत्रकारों पर झूठे मामलों और फर्जी एफआईआर दर्ज किए जाने की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को दबाव में लाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
इस अवसर पर पवन जिंदल ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता इसकी आत्मा है। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र को जागरूक बनाने में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मीडिया की अहम भूमिका होती है। पत्रकार सच्चाई को समाज तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
बैठक में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, मीडिया की स्वतंत्रता, पत्रकारों के अधिकार और समाज में सकारात्मक संवाद को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।