जमीन विवाद में बेटे ने पिता पर किया हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

9 मई : मंडी जिले में पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जमीन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने पिता पर डंडे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता का नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मामला बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के संगौढ़ गांव का है। पीड़ित मस्तराम ने पुलिस को बताया कि वह गांव में आयोजित एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका बेटा दुनीचंद वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था।

आरोप है कि समारोह के दौरान कहासुनी बढ़ने पर दुनीचंद ने आंगन में पड़ा डंडा उठाकर अपने पिता पर हमला कर दिया। मारपीट में मस्तराम को हाथ, चेहरे, पीठ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें आरोपी से छुड़ाया।

घायल अवस्था में मस्तराम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी दुनीचंद, जो मस्तराम की पहली पत्नी का बेटा है, लंबे समय से जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रहा था। नई कार को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *