पंचायत चुनाव बैठक से लौट रहे मां-बेटे पर खुखरी से हमला, दोनों घायल

27 मई: मनाली क्षेत्र में पंचायत चुनाव से जुड़ी बैठक के बाद घर लौट रहे मां-बेटे पर खुखरी से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए, जिनका उपचार करवाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मनाली के तहत कलसयोरी नाला क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक समाप्त होने के बाद रात करीब 11 बजे कमला देवी और उनका बेटा सूरज अपने घर गौशाल की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में गौशाल निवासी वरुण पुत्र भोला राम ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए खुखरी से हमला कर दिया।

हमले के दौरान बीच-बचाव करते समय कमला देवी के बाएं हाथ में चोट लगी, जबकि सूरज के गले पर भी चोट के निशान आए हैं।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *