25 मई: प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार 26 मई को होने वाले मतदान के लिए सबसे बड़े जिला कांगड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियां रविवार को रवाना कर दी गईं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जिला पुलिस ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। पहले चरण के मतदान के लिए जिले में कुल 895 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद रहेगा, ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
एसपी अशोक रत्न ने बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सब-डिवीजन स्तर पर निगरानी एवं प्रतिक्रिया टीमें बनाई गई हैं, जबकि थाना स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया है। सभी पुलिस कर्मियों को चुनाव ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने 72 घंटे का विशेष अभियान भी शुरू किया है। जिलेभर में नाकाबंदी और वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शराब, नकदी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। साथ ही लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।