दुर्गम बड़ा भंगाल में कल मतदान, पोलिंग पार्टी ने पैदल तय किया सफर

25 मई: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की अति दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में पंचायत चुनाव संपन्न करवाने के लिए पोलिंग पार्टी पैदल सफर तय कर वहां पहुंच गई है। चंबा के होली मार्ग से रवाना हुआ पांच सदस्यीय दल शनिवार को बड़ा भंगाल पहुंचा। अब मतदान के बाद टीम और मतपेटियों को वापस लाने के लिए हेलिकॉप्टर की मांग चुनाव आयोग से की गई है।

26 मई को बड़ा भंगाल पंचायत के दो मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। इनमें एक बूथ बड़ा भंगाल में और दूसरा बीड़ में बनाया गया है। दोनों केंद्रों की मतपेटियां एकत्रित होने के बाद ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रशासन के अनुसार मतपेटियां स्ट्रांग रूम में पहुंचने के बाद मतगणना की तारीख तय की जाएगी।

बड़ा भंगाल पंचायत में कुल 487 मतदाता हैं, जिनमें से 104 मतदाता वर्तमान में बड़ा भंगाल में मौजूद हैं, जबकि बाकी मतदाता बीड़ में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार गर्मियों के मौसम के चलते क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या अधिक है।

बड़ा भंगाल स्कूल बाढ़ में बह जाने के कारण इस बार मतदान केंद्र वन विभाग के विश्रामगृह में स्थापित किया गया है। पंचायत में प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी, जिला परिषद और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान होना है। हालांकि पांच में से चार वार्ड सदस्य पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। प्रधान पद के लिए दो, उपप्रधान पद के लिए चार और बीडीसी पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं।

जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर ने बताया कि पोलिंग पार्टी सुरक्षित रूप से बड़ा भंगाल पहुंच चुकी है। मौसम अनुकूल रहने पर मतदान के बाद टीम को हेलिकॉप्टर के जरिए वापस लाने का प्रयास किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *