नौणी विश्वविद्यालय में छात्र की डूबने से मौत, खुले टैंक ने ली जान

2 मई: यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बीएससी ऑनर्स (बागवानी) अंतिम वर्ष के छात्र की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंजीत जायसवाल, निवासी वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स मीट चल रही थी और अधिकांश छात्र व शिक्षक वहां व्यस्त थे। इसी दौरान मंजीत हॉस्टल से टहलते हुए डेयरी के पास बने पानी के टैंक तक पहुंच गया और उसके ऊपर चढ़ गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह लगभग 12 फीट गहरे टैंक में गिर गया।

पास मौजूद एक छात्र ने घटना देख शोर मचाया, लेकिन टैंक की ऊंचाई अधिक होने और तत्काल सहायता न मिलने के कारण बचाव में देरी हो गई। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इस घटना ने विश्वविद्यालय प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े किए हैं। जानकारी के अनुसार सिंचाई के लिए बना यह टैंक वर्ष 2007 से खुला पड़ा था और इसकी सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *