2 मई: हिमाचल प्रदेश के शिमला में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद रेस्टोरेंट और खाने-पीने के कारोबार से जुड़े लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कारोबारियों का कहना है कि इस बढ़ोतरी का असर न केवल ग्राहकों पर पड़ेगा, बल्कि उनके व्यवसाय पर भी सीधा प्रभाव पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,071 रुपये हो गई है, जबकि 5 किलोग्राम सिलेंडर का दाम 549 रुपये से बढ़कर 810 रुपये तक पहुंच गया है। इस बढ़ोतरी को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने चिंता जताई है।
मिठाई की दुकान चलाने वाले वरुण ने बताया कि सिलेंडर की कीमत में करीब 1,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और ट्रांसपोर्ट खर्च जोड़ने के बाद यह लागत लगभग 3,450 रुपये तक पहुंच रही है। उनका कहना है कि इसका सीधा असर ग्राहकों और पर्यटकों पर पड़ेगा, क्योंकि बढ़ी हुई लागत का बोझ आखिरकार उपभोक्ताओं पर ही डाला जाएगा।
वहीं, राम बाजार स्थित एक पुराने मिठाई कारोबारी तवेश ने कहा कि एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और सप्लाई में देरी के कारण मुनाफा कम हो गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्होंने खाने-पीने की चीजों के दाम नहीं बढ़ाए हैं, लेकिन आगे चलकर कीमतें बढ़ाना मजबूरी हो सकती है।
शिमला व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष और होटल व्यवसायी इंदरजीत सिंह ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताई और कहा कि सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।