हिमाचल के बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग पर ब्रेक, विदेशी पर्यटक की मौत के बाद 28 अक्तूबर तक सोलो उड़ानों पर रोक

27 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में सुरक्षा के मद्देनजर 28 अक्तूबर 2026 तक सभी सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। 25 अक्तूबर को तेज हवाओं के कारण हुए हादसे में बुल्गारिया निवासी 47 वर्षीय विदेशी पर्यटक की मौत हो गई थी, जबकि ब्रिटेन निवासी 63 वर्षीय पर्यटक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया था।

जानकारी के अनुसार, दोनों पर्यटक बीड़-बिलिंग से सोलो पैराग्लाइडिंग कर रहे थे। इसी दौरान खनियारा स्थित राइजिंग स्टार पीक के समीप तेज हवाओं के कारण हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय लोगों और हिमालयन रेस्क्यू टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।

घटना और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए एसडीएम (नागरिक), बैजनाथ ने 28 अक्तूबर तक बीड़-बिलिंग में सभी सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।

कांगड़ा पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों, पायलटों और पैराग्लाइडिंग संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने प्रतिकूल मौसम में पैराग्लाइडिंग और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचने की सलाह दी है। साथ ही, स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध या असुरक्षित गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने और पर्यटकों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

पुलिस के अनुसार, टेंडम पैराग्लाइडिंग केवल अधिकृत एवं योग्य पायलटों द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और अनुकूल मौसम परिस्थितियों में ही संचालित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *