17 जून : अहमदाबाद, गुजरात में 16 से 21 जून तक आयोजित होने वाली 79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश के तीन प्रतिभाशाली तैराक राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष विनय धीमान और राज्य महासचिव इशान अख्तर ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन मंडी जिले के भयुली स्थित वेट एंड वाइल्ड सतला बींस स्विमिंग पूल में आयोजित चयन ट्रायल के आधार पर किया गया।
चयन ट्रायल हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के राज्य सहसचिव नीतिश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में भूषण ठाकुर और आदित्य राणा, जबकि महिला वर्ग में सोलन की भाग्यवर्धिका वर्मा का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।