15 सितंबर :कांगड़ा जिले में नूरपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 676 ग्राम चरस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मंडी जिले के कुमार चंद (37) और कांगड़ा जिले के राकेश सिंह उर्फ लक्की (52) के रूप में हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सीआईए नूरपुर की टीम रविवार शाम लैब चौक क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को केहरियां गांव के शिव मंदिर के पास मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान एक आरोपी के बैग से 676 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने इस संबंध में जवाली थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चरस के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।