16 जून : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में साढ़े चार वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान आबिद खान (4.5 वर्ष) पुत्र बिल्ला दीन निवासी कयारी, ग्राम पंचायत भलून, नूरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर आबिद अपने डेरे के समीप बहने वाली जबर खड्ड में नहा रहा था। इसी दौरान खड्ड में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण वह संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते मासूम गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बच्चे की तलाश शुरू कर दी। प्रशासन को भी तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम को रवाना किया गया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर पानी से बच्चे का शव बरामद कर लिया।
उपमंडलीय दंडाधिकारी नूरपुर अरुण शर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और नियमानुसार फौरी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के पटवारी को मंगलवार को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।