नीन में अंडर-19 गर्ल्स खेल प्रतियोगिता का आगाज, 15 स्कूलों की छात्राएं लेंगी हिस्सा

2 सितंबर: शिमला ग्रामीण के मशोबरा विकास खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नीन में जोनल स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया। प्रतियोगिता में मशोबरा जोन के 15 विद्यालयों की छात्राएं विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों से बच्चों का शारीरिक विकास होने के साथ मानसिक क्षमता भी मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की छात्राएं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास कर रही है। खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि नीन पंचायत में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। सड़क, एंबुलेंस रोड, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देवीधार से नया सेर और आगे ब्रिज तक सड़क निर्माण के लिए करीब 14.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, नया सेर से आगे ब्रिज का निर्माण करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि यह कार्य मार्च-अप्रैल तक पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाए।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य हिस्सों को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए करीब 11 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और जल्द ही इसका कार्य शुरू किया जाएगा। नीन पंचायत की लिंक रोड सहित अन्य सड़कों पर भी विकास कार्य जारी हैं। अयोग वाली लिंक रोड के लिए करीब 3.50 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ में इस बार महिलाओं की भागीदारी को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। सुन्नी सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग चरणों में खेल महाकुंभ आयोजित किया जाएगा, जिसमें कबड्डी, क्रिकेट, बैडमिंटन सहित कई प्रतियोगिताएं होंगी। महिलाओं के लिए रस्साकशी समेत अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के लिए 31 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध करवाने की बात भी कही।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा, एसडीएम राजेश वर्मा, नीन पंचायत के उपप्रधान बलदेव वर्मा, घैणी पंचायत की प्रधान प्रोमिला देवी, उच्चतर शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग की उपनिदेशक निशा बलूनी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल, प्रदीप वर्मा, घनश्याम कुमार, तहसीलदार सुन्नी सुनील चौहान, खंड विकास अधिकारी बसंतपुर नरेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *