नीति आयोग की बैठक में हिमाचल के हितों की पैरवी करेंगे सीएम सुक्खू

11 जून : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली पहुंच गए हैं। वह गुरुवार को नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जिसमें देशभर के राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू नीति आयोग के एजेंडे के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की संभावना है।

मुख्यमंत्री बुधवार को शिमला से दिल्ली रवाना हुए। उनके साथ हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव के.के. पंत भी दिल्ली पहुंचे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके 12 जून को हिमाचल लौटने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सुक्खू बैठक में आरडीजी बंद होने से प्रदेश को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई, जीएसटी व्यवस्था के कारण राज्य को हो रही वित्तीय क्षति तथा प्राकृतिक आपदाओं के लिए प्रभावी और व्यावहारिक मुआवजा व्यवस्था जैसे मुद्दे उठा सकते हैं।

बैठक का मुख्य विषय विकसित भारत 2047 के लिए समावेशी मानव विकास रखा गया है। इसके तहत मानव संसाधन विकास, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करने पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।

नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की इस बैठक में पांचवीं नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ चीफ सेक्रेटरीज की सिफारिशों की समीक्षा भी की जा सकती है। ऐसे में मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश के विकास और वित्तीय हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखने का प्रयास करेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *