27 जून : सरकाघाट में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-3 (आवाहदेवी से पारच्छू) पर चल रहे कार्यों और आगामी मानसून को लेकर विधायक चंद्रशेखर की अध्यक्षता में प्रशासन एवं एनएचएआई अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरसात से पहले सुरक्षा और बचाव संबंधी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित घरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर रिटेनिंग वॉल, डंगे, कलवर्ट और अन्य तकनीकी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे। विशेष रूप से चोलथरा बाईपास, रखोह और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दौरान नुकसान से बचाव किया जा सके।
विधायक चंद्रशेखर ने सरकाघाट बाजार में रेस्ट हाउस से जमसाई तक सड़क की मरम्मत और टायरिंग कार्य जल्द पूरा करने को कहा। इसके अलावा नागरिक अस्पताल सरकाघाट के समीप सुरक्षा डंगा निर्माण, मसेरन चौक का वैज्ञानिक एवं सौंदर्यपूर्ण विकास तथा रोपड़ी चौक, सरौर चौक, दमसेहड़ा और पारच्छू क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी सुरक्षा एवं निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि मानसून के दौरान संभावित खतरों से निपटने और प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक में विधायक दिलीप ठाकुर, डीएसपी सरकाघाट, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।